Bihar Police Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है. ताजा मामला जहानाबाद से सामने आया है, जहां दीपक हत्याकांड के मुख्य आरोपी विक्कू सिंह उर्फ ‘रावण’ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. एनकाउंटर के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बताया जा रहा है कि पिछले 5 दिनों में बिहार में यह छठा पुलिस एनकाउंटर है.
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात घोसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने विक्कू सिंह उर्फ रावण को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए धुरयारी नहर के पास लेकर गई.
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने झाड़ियों में छिपाए गए हथियार को निकालते ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दौड़ाकर गोली मार दी.
पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
जहानाबाद पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी. घायल होने के बाद उसे हिरासत में लेकर तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है.
दीपक हत्याकांड के बाद बढ़ा था दबाव
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को भेलावर थाना क्षेत्र के डेढ़सैया गांव में दीपक कुमार शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बाइक सवार बदमाशों ने सिर में गोली मारकर दीपक की मौके पर ही हत्या कर दी थी.
मृतक चातर गांव निवासी कौशल किशोर शर्मा का बेटा था. इस वारदात के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का भारी दबाव था.
बिहार में लगातार बढ़ रहे एनकाउंटर
हाल के दिनों में बिहार में पुलिस और अपराधियों के बीच कई मुठभेड़ सामने आई हैं. इससे पहले सीवान में सोना दुकान लूटकांड, पटना में शिक्षक लूटकांड और सिक्योरिटी वैन से 27 लाख की लूट के मामलों में भी पुलिस ने आरोपियों को मुठभेड़ में घायल किया था.
इसके अलावा समस्तीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई थी. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि बिहार पुलिस फिलहाल अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है.

