आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस हार के बाद हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस काफी निराश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने टीम की कमियों को स्वीकार करते हुए कहा कि बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय उनकी टीम ने गलत समय पर विकेट गंवा दिए।
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई। कमिंस ने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए अच्छी बल्लेबाजी के साथ किस्मत का साथ भी जरूरी होता है, लेकिन उनकी टीम महत्वपूर्ण मौकों पर साझेदारी नहीं बना सकी।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कमिंस ने राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। कमिंस ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी और गेंदबाजों के पास गलती की बहुत कम गुंजाइश थी। उन्होंने माना कि यॉर्कर मिस होते ही बल्लेबाजों ने उसका पूरा फायदा उठाया।
कमिंस ने अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों प्रफुल और साकिब की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में से एक रही और कोचिंग स्टाफ ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया। हालांकि टीम खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन खिलाड़ियों के प्रयास में कोई कमी नहीं थी।

