2027 वनडे वर्ल्ड कप का ऐसा होगा फॉर्मेट, जानें कैसे तय होंगी 14 टीमें और क्या है नियम?

By
Saaf Baatein
“साफ़ बातें” एक निष्पक्ष और भरोसेमंद न्यूज़ मीडिया प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं हर खबर की सच्चाई बिना किसी मिलावट के।
3 Min Read
Cricket World Cup Trophy 1 1
Cricket World Cup Trophy 1 1 (PC: Social Media Sites)

ICC ODI World Cup 2027: इस बार वनडे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट की मेजबानी तीन अफ्रीकी देशों को मिली है. ये देश साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया हैं. वर्ल्ड कप के सभी मैच इन्ही तीनों देशों के मैदानों पर खेले जाएंगे. नियम के मुताबिक साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के नाते सीधे एंट्री मिलेगी. वहीं तीसरे मेजबान नामीबिया को सीधे जगह नहीं मिलेगी. उसे वर्ल्ड कप का टिकट पाने के लिए पहले क्वालिफाइंग राउंड खेलना होगा.

कैसे तय होंगी टूर्नामेंट की 14 टीमें?

इस वनडे वर्ल्ड कप में 14 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी. टीमों को चुनने का तरीका साफ रखा गया है. 31 मार्च 2027 तक आईसीसी वनडे रैंकिंग में जो 8 टीमें टॉप पर होंगी, उन्हें सीधे एंट्री मिल जाएगी. इसके बाद बची हुई 4 जगहों के लिए 10 टीमों के बीच एक कड़ा क्वालिफाइंग टूर्नामेंट होगा. इसी क्वालिफायर से आखिरी चार टीमें तय होंगी जो मुख्य वर्ल्ड कप का हिस्सा बनेंगी.

क्या होगा वर्ल्ड कप का नया फॉर्मेट?

अगले साल का वर्ल्ड कप सुपर सिक्स फॉर्मेट में खेला जाएगा. सभी 14 टीमों को ग्रुप ए और ग्रुप बी में बांटा जाएगा. हर ग्रुप में टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी. लीग मैच खत्म होने के बाद दोनों ग्रुप से टॉप 3 टीमें अगले राउंड यानी सुपर सिक्स में पहुंचेंगी. सुपर सिक्स राउंड की 6 टीमों में से 2 बाहर हो जाएंगी और टॉप 4 टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.

टाई होने पर सुपर ओवर से होगा फैसला

इस टूर्नामेंट के नियमों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है. मुख्य रूप से 2023 वर्ल्ड कप के नियम ही लागू होंगे. अगर कोई मैच टाई होता है, तो विजेता का फैसला सिर्फ सुपर ओवर से होगा. 2019 वर्ल्ड कप फाइनल में बाउंड्री गिनकर विजेता तय करने पर काफी विवाद हुआ था. इसके बाद आईसीसी ने वह नियम पूरी तरह हटा दिया था. अब हार और जीत तय करने का एकमात्र तरीका सुपर ओवर है.

सॉफ्ट सिग्नल नहीं होगा, बाउंड्री भी रहेगी बड़ी

करीबी फैसलों में अब सॉफ्ट सिग्नल का नियम लागू नहीं होगा. फील्ड अंपायर को थर्ड अंपायर की मदद लेने से पहले अपना फैसला देने की कोई जरूरत नहीं होगी. मैदानी अंपायर का फैसला तभी माना जाएगा जब थर्ड अंपायर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाएगा. इसके साथ ही स्टेडियम की बाउंड्री का नियम भी बिल्कुल स्पष्ट है. 2027 वर्ल्ड कप में कोई भी बाउंड्री 70 मीटर से छोटी नहीं होगी.

Share This Article
Exit mobile version