टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद रिंकू सिंह को बड़ा तोहफा, यूपी सरकार ने बनाया रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर

By
Saaf Baatein
“साफ़ बातें” एक निष्पक्ष और भरोसेमंद न्यूज़ मीडिया प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं हर खबर की सच्चाई बिना किसी मिलावट के।
3 Min Read
Rinku Singh Priya Saroj
Rinku Singh Priya Saroj (PC: Social Media Sites)

डेस्कः भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद बड़ा सम्मान मिला है। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी) के पद पर नियुक्त करने का फैसला किया है। यह उपलब्धि उनके लिए खास मायने रखती है, क्योंकि वर्ल्ड कप के दौरान ही उन्होंने अपने पिता को कैंसर के कारण खो दिया था, जो उनके जीवन का बेहद कठिन समय रहा।

आईपीएल 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, और उससे पहले ही सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया है। रिंकू सिंह की निजी जिंदगी भी चर्चा में है—उनकी होने वाली पत्नी प्रिया सरोज मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। शादी से पहले ही रिंकू अब सरकारी भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले उन्हें बीएसए बनाने की चर्चा हुई थी, लेकिन विरोध के चलते वह पद उन्हें नहीं मिल सका था।

अन्य खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों से सम्मानित कर रही है। इस सूची में रिंकू सिंह के अलावा कई और नाम शामिल हैं। पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रवीण कुमार और पेरिस ओलंपिक में हॉकी में पदक जीतने वाले राज कुमार पाल को पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) बनाया जाएगा।

इसके अलावा पैरा एथलीट अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये सभी नियुक्तियां “उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022” के तहत की जा रही हैं, जिसका उद्देश्य बड़े खेल मंचों पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मान देना है।

मुख्यमंत्री सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
मंगलवार, 24 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित लोकभवन में इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

आईपीएल में जल्द दिखेंगे एक्शन में
आईपीएल 2026 में रिंकू सिंह की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स 29 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। उनका पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। रिंकू सिंह की नजरें इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करने पर होंगी।

गौरतलब है कि रिंकू सिंह 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं। अब तक वह 59 आईपीएल मैचों में 1099 रन बना चुके हैं, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 30.52 और स्ट्राइक रेट 145.17 रहा है, जो उन्हें टीम का भरोसेमंद फिनिशर बनाता है।

TAGGED:
Share This Article
Exit mobile version