नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण और प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। एयरपोर्ट और उसके 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कार्यक्रम स्थल पर 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। पार्किंग से लेकर मुख्य स्थल तक करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है, जबकि प्रधानमंत्री के आवागमन से जुड़े सभी स्थानों की सुरक्षा पहले ही एसपीजी के हवाले कर दी गई है।
आयोजन के मद्देनज़र सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट के आसपास स्थित होटल, ढाबों और अन्य ठिकानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आसपास के गांवों में किराए पर रह रहे लोगों का सत्यापन भी पूरा कर लिया गया है।
पुलिस अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। गांवों में चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अजनबी को बिना सूचना ठहरने न दिया जाए। अगर कोई बाहरी व्यक्ति रुकता है, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी क्षेत्र में सक्रिय रहकर हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

