ईरान ने अपने नेताओं के मारे जाने के बाद मध्य-पूर्व पर जबरदस्त ढंग से हमला कर दिया है । खबरों के मुताबिक ईरान के मिसाइल ने कतर के एलएनजी प्लांट, रियाद के एक रिफाइनरी समेत कई जगहों पर हमला किया है । मध्य-पूर्व के देशों में जबरदस्त हड़कंप है ।
बताया जा रहा है कि कतर के सबसे बड़े औद्योगिक और गैस उत्पादन केंद्र रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर मिसाइल हमला हुआ है। कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने इस क्षेत्र की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट (नष्ट) कर दिया।
इससे पहले मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि कुल चार बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, जबकि एक मिसाइल रास लाफान क्षेत्र में जाकर गिरी।
दुनिया का सबसे बड़ा LNG उत्पादन केंद्र
ऊर्जा कंपनी QatarEnergy के अनुसार, मिसाइल हमले के बाद रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में कई जगहों पर आग लग गई और वहां काफी नुकसान हुआ है। हालांकि संभावित हमले की चेतावनी मिलने के बाद इस क्षेत्र को पहले ही खाली करा लिया गया था।
रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी कतर के उत्तर-पूर्व में स्थित है और यह दुनिया का सबसे बड़ा LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) उत्पादन केंद्र माना जाता है। कतर अकेले दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत LNG आपूर्ति करता है, इसलिए इस हमले को वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
ईरान ने दी थी हमले की चेतावनी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि उसके गैस क्षेत्रों पर हुए हमलों के जवाब में वह GCC क्षेत्र की कई ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाएगा। इसी कड़ी में रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी को टारगेट किया गया।
यूएई में भी अलर्ट
इधर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने भी कहा है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ईरान से आने वाले संभावित मिसाइल और ड्रोन खतरों को रोकने के लिए सक्रिय हो गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वैश्विक बाजार पर असर संभव
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर कतर के LNG प्लांट को बड़ा नुकसान हुआ है तो इसका असर दुनिया के गैस और ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है, क्योंकि कतर वैश्विक गैस सप्लाई का बड़ा हिस्सा नियंत्रित करता है।

