सीवान में LPG सिलेंडर को लेकर बवाल, एजेंसी पर मारपीट, लूट का आरोप, रघुनाथपुर में भी हंगामा

By
Saaf Baatein
“साफ़ बातें” एक निष्पक्ष और भरोसेमंद न्यूज़ मीडिया प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं हर खबर की सच्चाई बिना किसी मिलावट के।
3 Min Read
Lpg
Lpg (PC: Social Media Sites)

LPG Cylinder Crisis: सीवान में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बवाल की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं. एक ओर मैरवा थाना क्षेत्र में सिलेंडर वितरण के दौरान मारपीट हुई, वहीं रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर हंगामा और हाथापाई का मामला सामने आया. इन घटनाओं ने प्रशासन और गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मैरवा में सिलेंडर वितरण के दौरान मारपीट

मैरवा थाना क्षेत्र के गुठनी मोड़ स्थित अंबेडकर गैस एजेंसी पर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सिलेंडर वितरण किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी के कर्मी दिलीप बैठा के साथ मारपीट की गई. इस हमले में दिलीप के हाथ में गंभीर चोट आई है.

कर्मी ने लगाया लूट का आरोप

घायल कर्मी दिलीप बैठा ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान युवकों ने उनका मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये छीन लिए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद पुलिस की निगरानी में सिलेंडर वितरण कराया गया.

रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर हंगामा

सीवान के रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर विवाद का मामला सामने आया. गुड़िया एंटरप्राइजेज के संचालक अजय कुमार सिंह ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जबरन कार्यालय में घुस आए और मैनेजर के साथ मारपीट की. साथ ही दो लाख रुपये कैश, सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटने का आरोप भी लगाया गया.

पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी

हालांकि, पुलिस जांच में यह मामला कुछ और ही निकला. सीवान एसपी कार्यालय के अनुसार, रघुनाथपुर की घटना लूट नहीं बल्कि आपसी विवाद का मामला है. बताया गया कि एजेंसी के वर्तमान मैनेजर और पूर्व मैनेजर के बीच लाइन में लगने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई.

सिलेंडर संकट से बढ़ा तनाव

लगातार बढ़ती मांग और आपूर्ति में कमी के कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है, जिससे विवाद की स्थिति बन रही है. प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.

Share This Article
Exit mobile version