India Tour of Ireland: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के आगामी आयरलैंड दौरे का शेडयूल जारी कर दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम जून में आयरलैंड जाएगी. इस दौरे पर भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. यह दोनों मुकाबले 26 और 28 जून को बेलफास्ट शहर में होंगे. भारत दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने अपने घर पर वर्ल्ड कप जीता और लगातार दो बार (2024 और 2026) विश्व चैंपियन बनने का कमाल किया. साल 2007 का खिताब मिलाकर भारत अब तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है.
19 साल बाद बेलफास्ट में खेलेगा भारत
भारत और आयरलैंड के बीच यह सीरीज बेलफास्ट के मैदान पर होगी. सबसे खास बात यह है कि भारतीय टीम 19 साल लंबे समय के बाद इस मैदान पर कोई इंटरनेशनल मैच खेलेगी. इससे पहले साल 2007 में भारत ने यहां अपना इकलौता वनडे मैच खेला था. पिछले आठ सालो में भारत ने तीन बार (2018, 2022 और 2023) आयरलैंड का दौरा किया है. लेकिन पिछले सभी मैच डबलिन के मालाहाइड मैदान में खेले गए थे. अब करीब दो दशक बाद बेलफास्ट के मैदान पर टीम इंडिया खेलती हुई दिखाई देगी.
भारत का शानदार टी20 रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में आयरलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड एकदम शानदार रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 टी20 मैच खेले गए हैं. इन सभी 8 मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है और एक भी बार हार का सामना नहीं किया है. बीसीसीआई हमेशा इस दौरे पर युवा प्लेयर्स की टीम भेजती है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव इस टीम की कमान संभालेंगे या बीसीसीआई किसी नए कप्तान के साथ युवा टीम भेजेगी.
IPL के बाद का शेडयूल
इस साल भारतीय टीम का शेडयूल काफी व्यस्त है. आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद टीम इंडिया 6 जून से अपने घर पर अफगानिस्तान के साथ सीरीज खेलेगी. इस घरेलू सीरीज में एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे. इसके तुरंत बाद भारतीय टीम टी20 सीरीज के लिए बेलफास्ट जाएगी. आयरलैंड में दो टी20 मैच खेलने के बाद टीम इंडिया सीधे इंग्लैंड के दौरे पर रवाना हो जाएगी. इंग्लैंड सीरीज से पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए यह टी20 सीरीज बहुत जरुरी है.
2007 की शानदार यादें और गौतम गंभीर
बेलफास्ट में भारत ने अब तक केवल एक ही मैच खेला है. साल 2007 में हुए उस वनडे मैच को भारत ने 9 विकेट से जीता था. उस मैच में सौरव गांगुली ने नाबाद 73 रन और गौतम गंभीर ने नाबाद 80 रन की बेहतरीन पारी खेली थी. यह एक दिलचस्प संयोग है कि आज गौतम गंभीर उसी भारतीय टीम के मुख्य कोच हैं. उनके कोच रहते हुए टीम इंडिया उसी मैदान पर वापसी कर रही है.
आयरलैंड का बाकी घरेलू शेडयूल
भारत की मेजबानी करने के अलावा आयरलैंड की टीम कुछ और सीरीज भी खेलेगी. 27 मई से 30 मई तक आयरलैंड और न्यूजीलैंड के बीच बेलफास्ट में एक टेस्ट मैच होगा. भारत सीरीज से पहले आयरलैंड की टीम वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ 28 मई से 4 जून तक टी20 सीरीज भी खेलेगी.
इसके बाद 5 अगस्त से 14 अगस्त तक आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज होगी. अफगानिस्तान में महिला अधिकारों के हनन पर विरोध जताने वाले आयरलैंड बोर्ड ने यह सीरीज खेलने का फैसला किया है. बोर्ड की मुख्य कार्यकारी सारा कीन ने साफ किया कि यह फैसला पैसे या कानूनी मजबूरी के कारण नहीं बल्कि खेल संगठन के बड़े हित में लिया गया है.

